प्रदेश सरकार ने प्रति खेल दो लाख रुपये की राशि बढ़ाई
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने सरकारी कॉलेजों में खेल गतिविधियों के आयोजन के लिए बजट बढ़ाने का फैसला लिया है। राज्यस्तरीय इंटर कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं के लिए प्रति खेल दी जाने वाली राशि में दो लाख रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले प्रत्येक खेल के आयोजन के लिए छह लाख रुपये मिलते थे जिसे बढ़ाकर अब आठ लाख रुपये कर दिया गया है।
उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक कार्यालय ने वर्ष 2026-27 के लिए आदेश जारी किए हैं। प्रदेश के दस सरकारी कॉलेजों को इन प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए कुल 96 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। बजट बढ़ने से कॉलेजों में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। जिन कॉलेजों को दो खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित करवानी हैं उन्हें 16-16 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
दस कॉलेजों को मिली जिम्मेदारी
जीसी (गवर्नमेंट काॅलेज) बेरियन कुरुक्षेत्र को क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। जीसी हथीन (पलवल) फुटबॉल और योग की मेजबानी करेगा। जीसी हिसार को कुश्ती, जीसी कैथल को बॉक्सिंग और जीसीडब्ल्यू करनाल को हैंडबॉल व बैडमिंटन की जिम्मेदारी मिली है। जीसीडब्ल्यू रोहतक जूडो, जीसीजी सेक्टर-52 गुरुग्राम वॉलीबॉल और एनआरएस जीसी रोहतक बास्केटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करेगा। केएम जीसी नरवाना (जींद) हॉकी और जीसी इसराना (पानीपत) कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करेगा।