चंडीगढ़। राज्य पुलिस ने ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत 24 घंटे के अंदर 834 हॉटस्पॉट्स पर दबिश देकर 81 केस दर्ज करते हुए 175 आरोपियों की गिरफ्तारी की हैं। इनमें 27 कुख्यात अपराधी शामिल है। इस अभियान के तहत कार्रवाई करने में सोनीपत और सिरसा जिला 62-62 स्थानों पर दबिश कर सबसे आगे रहा है।
पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर 27 ऐसे अपराधियों को दबोचा है। पड़ोसी राज्यों के साथ 14 इंटेलिजेंस इनपुट साझा किए गए हैं। 2 अपराधियों के पासपोर्ट रद्द करने की सिफारिश भी संबंधित विभाग को भेजी गई है। साथ ही एक अपराधी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया है।
पुलिस ने विभिन्न स्थानों से आरोपियों से 3 किलो गांजा, 78 हजार नकद बरामद कर दो दोपहिया व एक कार को भी कब्जे में लिया है। सोनीपत पुलिस ने एक पिकअप वाहन से सोने और चांदी के आभूषण भी बरामद किए है। पुलिसकर्मियों ने गश्त के दौरान सड़कों पर मिले 580 जरूरतमंद लोगों की सहायता की।
एमपी पुलिस का वांटेड 8000 का इनामी अपराधी को चरखी दादरी पुलिस को दबोचा है। नूंह पुलिस ने 2016 के एक जाली नोटों की हेराफेरी के मामले में 9 साल से फरार मुख्य आरोपी रियासत अली को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। वहीं, हेल्पलाइन 1930 पर साइबर अपराध की 297 शिकायतें मिलीं, पुलिस ने 49 लाख बचाए और 12 साइबर अपराधी गिरफ्तार किए हैं।