सरकार ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, महिला एवं पुरुष फ्रिस्किंग टीमें तथा क्विक रिस्पांस टीमें (क्यूआरटी) तैनात करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की दो स्तर पर जांच होगी।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) के निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर हरियाणा सरकार ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों पर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। प्रदेश के 19 जिलों में होने वाली इस परीक्षा के लिए विशेष सुरक्षा, यातायात और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
सरकार ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, महिला एवं पुरुष फ्रिस्किंग टीमें तथा क्विक रिस्पांस टीमें (क्यूआरटी) तैनात करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की दो स्तर पर जांच होगी। हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टरों का उपयोग किया जाएगा और किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। वहीं नकल माफिया और पेपर लीक जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कोचिंग सेंटर, होटल, लॉज और साइबर कैफे पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की लगातार निगरानी होगी।
विज्ञापन
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। केंद्रों के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गई है और जरूरत पड़ने पर डायल-112 के माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि नकल कराने, परीक्षा में बाधा डालने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।