हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो की पहल
चंडीगढ़। प्रदेश में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं व गैर उपभोक्ताओं को जुर्माने की राशि का भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए है। हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो की ओर से टोल फ्री नंबर 0172-2801240 और दूसरा 1800-180-2124 जारी किया गया है।
इसमें हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2124 सप्ताह भर 24 घंटे और 0172-2801240 नंबर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहता है। इस टोल फ्री नंबर के माध्यम से आमजन बिजली चोरी, अवैध कनेक्शन से संबंधित शिकायतें और सुझाव सीधे ब्यूरो तक पहुंचा सकते हैं जबकि कॉल सेंटर के नंबर से आमजन को बिजली चोरी के जुर्माने की राशि का भुगतान करने के लिए जागरूक किया जाता है।
ब्यूरो के अनुसार बिजली चोरी से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल कार्यवाही की जा रही है। ऐसे में बिजली चोरी की घटनाओं में पिछले सालों की अपेक्षा कमी आई है। राज्य में पारदर्शी व जवाबदेह बिजली आपूर्ति प्रणाली को बढ़ावा मिला है। साथ ही ब्यूरो की ओर से जनता से अपील की गई है कि बिजली चोरी जैसे गैरकानूनी कार्यों में लिप्त न हों।