विश्व पुलिस एंड फायर खेल-2025 में 6 स्वर्ण, 9 रजत और 3 कांस्य पदक जीते
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। विश्व पुलिस एवं फायर खेल-2025 में हरियाणा पुलिस के खिलाड़ियों ने 18 पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और विभाग का नाम रोशन किया है। 27 जून से 6 जुलाई 2025 तक अमेरिका के बर्मिंघम, अलबामा में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कुश्ती, पावरलिफ्टिंग, मुक्केबाजी, तैराकी और ट्रैक एंड फील्ड जैसी स्पर्धाओं में भाग लेते हुए इन खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण, 9 रजत और 3 कांस्य पदक हासिल किए हैं। वर्ष 2023 में कनाडा के विन्निपेग में आयोजित इस प्रतियोगिता में हरियाणा पुलिस ने कुल 14 पदक हासिल किए थे।
हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जवानों ने यह साबित कर दिया है कि वे न केवल कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी को बखूबी निभाते है बल्कि खेलों में भी अपनी मेहनत और प्रतिबद्धता से विश्व स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विभागीय खेल संस्कृति को और सशक्त बनाने के साथ अन्य कर्मियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन दिया जाए ताकि वे आगामी खेल आयोजनों में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
आईपीएस दीपक गहलावत का कांस्य पर दांव
हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत ने पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है हालांकि वे इन दिनों प्रतिनियुक्ति पर केंद्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसी प्रकार सीआईएसएफ युनिट से प्रतिनियुक्ति पर एचएपी मधुबन में तैनात इंस्पेक्टर सत्यवान ने रेसलिंग में रजत पदक प्राप्त किया है।
विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन
विश्व खेलों में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए डीएसपी प्रदीप कुमार ने कुश्ती में रजत और कांस्य पदक हासिल किए। सीआईडी से इंस्पेक्टर अनीश ने रिस्ट रेसलिंग में स्वर्ण पदक, सीएसओ मधुबन में तैनात इंस्पेक्टर निर्मला ने कुश्ती व डबवाली यूनिट से इंस्पेक्टर नवीन मोर ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है।
n इसी तरह सीएसओ मधुबन में तैनात एएसआई निर्मला व एएसआई संतोष ने भी कुश्ती और रिस्ट रेसलिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमश: रजत और स्वर्ण पदक जीते। कैथल से इंस्पेक्टर सुरेंदर ने रिस्ट रेसलिंग में रजत पदक, 5वीं बटालियन एचएपी से हेड कांस्टेबल संजीत ने मुक्केबाजी में स्वर्ण, एसआई जगबीर ने आर्म रेसलिंग व चौथी बटालियन एचएपी एएसआई दलजीत ने रिस्ट रेसलिंग में कांस्य पदक जीता। गुरुग्राम से एसआई राजबीर ने पावरलिफ्टिंग में रजत (बेंच प्रेस) और कांस्य (पुश पुल) पदक जीते। हरियाणा पुलिस अकादमी से महिला हेड कांस्टेबल सुदेश ने मुक्केबाजी में रजत और सीएसओ मधुबन से कांस्टेबल रितु ने तैराकी में रजत पदक हासिल किया।