अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। ऑपरेशन हॉटस्पॉट्स डोमिनेशन के तहत एक दिन में पुलिस ने 284 हॉटस्पॉट्स पर दबिश देकर 52 अपराधियों को काबू किया है। इसके अलावा 34 मुकदमे दर्ज किए। अभियान का लक्ष्य इंटरस्टेट ड्रग नेटवर्क खत्म करना, नशा व अवैध शराब कारोबार पर सख्ती करना और आदतन हिंसक अपराधियों पर कार्रवाई तेज करना है। कार्रवाई के पहले ही दिन पुलिस ने 3,600 टैबलेट, 114 कैप्सूल, 3.07 किलो गांजा, 350 ग्राम हेरोइन, 40 ग्राम स्मैक, 13.68 किलो पोपी हस्क और 190 किलो चूरा पोस्त बरामद किया। इसके अलावा 90 बोतल देशी व 72 बोतल अवैध शराब, 120 लीटर लाहन, 82,867 रुपये नकद और एक देसी कट्टा भी मिला। करनाल जिले में सबसे अधिक छह आरोपी पकड़े गए और 190 किलो चूरा पोस्त मिला। अंबाला, गुरुग्राम और नारनौल में पांच–पांच, सिरसा में चार जबकि फरीदाबाद, पंचकूला, सोनीपत, पानीपत और फतेहाबाद में तीन–तीन गिरफ्तारियां हुईं। डबवाली से 311 ग्राम हेरोइन जब्त हुई। पुलिस ने एक हिंसक अपराधी की संपत्ति कुर्क कर 14 फरार अपराधियों को दबोचा और 14 नशा पीड़ितों को सहायता भी दी।