फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नायब सैनी सरकार के 100 दिन पूरे: चार लाख किसानों को भेजे 368 करोड़, कामकाजी महिलाओं को समर्पित किए 324 क्रेच

Mon, 27 Jan 2025 08:14 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

प्रेस वार्ता के दाैरान सरकार के 100 दिन के कार्यकाल को लेकर बनाई गई बुकलेट का विमोचन किया गया। सीएम ने खरीफ फसलों की 368 करोड़ की बोनस राशि 4 लाख 1 हजार किसानों के खाते में जारी की। साथ ही सीएम ने 324 क्रेच केंद्रों का भी उद्घाटन किया। 
विज्ञापन
नायब सैनी - फोटो : X @NayabSainiBJP
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बारिश की कमी से खराब फसल पर राहत देते हुए चार लाख 1939 किसानों के खाते में 368 करोड़ की रुपये की राशि भेजी। वहीं, राज्य में 324 क्रेच का शुभारंभ कर कामकाजी महिलाओं को बड़ी राहत दी। इन क्रेच में छह महीने से लेकर छह साल तक के बच्चों को रखा जा सकता है। क्रेच में सुबह और शाम का नाश्ता और दोपहर का भोजन भी मिलेगा। हिसार और अंबाला एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू करने के मुद्दे पर सीएम ने कहा- दोनों ही एयरपोर्ट की एनओसी मिल चुकी है। एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट अयोध्या के लिए शुरू की जाएगी।

सरकार के 100 दिन की उपलब्धियों को गिनाते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा- हरियाणा सरकार तीन गुना से काम कर रही है। सरकार ने संकल्प पत्र में 240 वादे किए थे। इनमें से 18 वादे 100 दिन में पूरे किए जा चुके हैं। छह संकल्पों पर कार्य तेजी से चल रहा है। 50 अन्य संकल्पों को पूरा करने की प्रशासनिक व वित्तीय अनुमोदन की प्रक्रिया चल रही है। 100 दिन में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 12,285 घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। पहले 100 दिनों में विकास कार्यों के लिए पंचायतों को 500 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। बीते 100 दिनों में समाधान शिविर के तहत 75 हजार से अधिक और जनसंवाद पोर्टल के तहत 100 दिनों में लगभग 45 हजार शिकायतों का समाधान किया गया है। उन्होंने कहा- प्रदेश में 5 लाख महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 1 लाख 85 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। पांच हजार महिलाओं को ड्रोन पायलट प्रशिक्षण दिया जाएगा। अब तक 100 महिलाओं को ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण देकर, उन्हें मुफ्त ड्रोन भी दिए जा चुके हैं। एक ड्रोन की कीमत 8 लाख रुपये है।
विज्ञापन


आगामी सालों का भी रखा रोडमैप, महेंद्रगढ़ में बनेगा डिफेंस व एयरोस्पेस हब
प्रेस वार्ता के दौरान सीएम ने आगामी वर्षों के विकास कार्यों का रोडमैप साझा किया। उन्होंने कहा- आईएमटी खरखौदा की तर्ज पर पूरे प्रदेश में 10 अति आधुनिक औद्योगिक शहर बनाए जाएंगे। पानीपत, फरीदाबाद और गुरुग्राम में रासायनिक व औद्योगिक कचरे की समस्या के समाधान के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण होगा। नारनौल में इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब

और अंबाला में एकीकृत कपड़ा पार्क स्थापित किया जाएगा। करनाल में बनने वाले फार्मा पार्क की स्थापना में तेजी लाई जाएगी। पीपीपी मोड में महेंद्रगढ़ में डिफेंस और एयरोस्पेस हब स्थापित किया जाना है। नए उद्योगों के विकास के लिए ई-भूमि के माध्यम से 10,000 एकड़ का नया लैंड बैंक बनाना भी सरकार की नीतियों में शामिल है। उन्होंने कहा- आगामी पांच सालों में दो लाख सरकारी नौकरियां दी जाएगी। इसके लिए सरकार ने चरणबद्ध योजना बना ली गई है।

जनता चाहती है यूसीसी देश में लागू हो

उत्तराखंड में यूसीसी लागू होने के बाद हरियाणा में यूसीसी कानून के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा- यूसीसी को लेकर पूरे देश में चर्चा चल रही है। जब सही समय आएगा, तब उस पर फैसला लिया जाएगा। देश की जनता चाहती है कि यूसीसी को लागू किया जाएगा। देश के प्रबुद्ध लोग इस पर गंभीर चिंतन कर रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें