-दिल्ली के भारत मंडपम में 8 जनवरी को आयोजित होगी सभी राज्यों के परिवहन मंत्रियों के साथ बैठक
अमर उजाला ब्यूरो,
चंडीगढ़। हरियाणा में सड़क एवं परिवहन क्षेत्र के विकास में विजन-2047 को लेकर दिल्ली के भारत मंडपम में 8 जनवरी को महत्वपूर्ण बैठक होगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में महत्वपूर्ण बिंदुओं पर राज्यों की तैयारियों पर चर्चा होगी। हरियाणा में सड़क और परिवहन क्षेत्र में होने वाले कार्यों का पूरा ब्योरा राज्य के परिवहन मंत्री रखेंगे।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री की तरफ से मंत्री विज को बैठक के लिए निमंत्रण आ चुका है। विकसित भारत के विजन-2047 के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ाने और सड़क परिवहन के क्षेत्र में विकास के लिए सामूहिक रूप से होने वाले विभिन्न कार्यों की रूपरेखा पर मंथन होगा। माल और यात्रियों के आवागमन को सरल और सुगम बनने आने वाले सामाजिक और आर्थिक सुधारों पर भी मंथन होगा। 8 जनवरी को होने वाली परिवहन परिषद की बैठक में सड़क परिवहन के क्षेत्र में केंद्र, राज्य ओर केंद्र शासित प्रदेश सरकारें मिलकर एक साझा दृष्टिकोण के साथ स्मार्ट, सुरक्षित और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए काम करेंगी। इसके लिए राज्यवार सभी परिवहन मंत्री बैठक के दाैरान अपनी तैयारियों को साझा करेंगे। केंद्र और राज्य के बीच इस बैठक के माध्यम से बेहतर तालमेल बनाने पर भी मंथन होगा। राज्यों के मंत्रियों के साथ होने वाली बैठक से एक दिन पूर्व यानी 7 जनवरी को सड़क एवं राजमार्ग सचिव की अध्यक्षता में राज्यों के प्रधान सचिवों, सचिवों (परिवहन) और परिवहन आयुक्तों की बैठक होगी। केंद्री मंत्रालय की तरफ से पत्र मिलने के बाद हरियाणा के अधिकारियों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।