चंडीगढ़ से हरियाणा के बड़े शहरों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना
देहरादून में आयोजित नागरिक उड्डयन मंत्री के सम्मेलन में मंत्री विपुल गोयल ने दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने चंडीगढ़ प्रशासन से हेलीपैड बनाने के लिए जगह मांगी है। राज्य सरकार ने चंडीगढ़ से हरियाणा के विभिन्न शहरों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने की योजना तैयार कर रही है। इस बात का खुलासा राज्य के नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने इस बात का खुलासा देहरादून में आयोजित नागरिक उड्डयन मंत्री के सम्मेलन में किया है। उन्होंने बताया कि सरकार की चंडीगढ़ से गुरुग्राम व हिसार के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने की योजना है।
देहरादून में विपुल गोयल ने कहा प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री नायब सैनी के कुशल नेतृत्व के चलते राज्य का नागरिक उड्डयन विभाग नए आयाम छू रहा है। अप्रैल में हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन हुआ और वहां से नियमित उड़ानों की शुरुआत हो चुकी है। हिसार देश का तीसरा ऐसा एयरपोर्ट है, जहां विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। इस एयरपोर्ट में लंबा रनवे, बेहतरीन सड़क और रेल कनेक्टिविटी व आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर है, जो इसे उत्तर भारत के प्रमुख एविएशन केंद्र के रूप में स्थापित कर सकता है। गोयल ने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से निवेदन किया कि वह जल्द हिसार का दौरा करें और एयरपोर्ट विस्तार योजनाओं में राज्य को सहयोग दें। उन्होंने कहा-हिसार में मेंटिनेंस, रिपेयर व ओवरहॉल सुविधा का कार्य प्रगति पर है। यह भी प्रस्ताव रखा कि देश में जहां भी एक्सप्रेसवे और हाईवे बन रहे हैं, वहां सड़क के साथ-साथ एयर एंबुलेंस सेवाओं के लिए स्ट्रिप्स विकसित करना अनिवार्य किया जाना चाहिए। इससे आपातकालीन सेवाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया, भिवानी-महेंद्रगढ़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल परिसर बनाए जा रहे हैं। साथ ही फ्लाइंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित कर रहे हैं ताकि देश के लिए पायलट तैयार किए जा सकें और हरियाणा इसमें अग्रणी भूमिका निभा सके।