चंडीगढ़। जिस जगह की पहचान कभी कचरे के पहाड़ और बदबू से थी, वहां अब हरियाली महकेगी। डड्डूमाजरा का पुराना डंपिंग ग्राउंड अब हर्बल पैराडाइज के रूप में विकसित होगा। यहां औषधीय पौधे, देशी प्रजातियों के पेड़ और हरियाली का संसार बसाने की तैयारी है। संत समाज ने इस स्थल को गोद लेकर इसके कायाकल्प का संकल्प लिया है। नगर निगम ने स्वामी राजेश्वरानंद जी महाराज ट्रस्ट और संत समाज के सहयोग से शहर में 3.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। सोमवार को पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मेगा पौधारोपण अभियान की शुरुआत की।
प्रशासक ने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आयुर्वेद और औषधीय पौधों के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने संत समाज और शहरवासियों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि डड्डूमाजरा में पौधे लगने से स्थानीय लोगों को सैर करने के लिए हरित स्थल मिलेगा। कुछ समय पहले तक जिस इलाके के लोग कचरे की बदबू से परेशान रहते थे, वहां अब सुकून के पल बिता सकेंगे। पौधों के आगे उनके नाम भी लिखे जाने चाहिए, ताकि यहां आने वाले बच्चों को उनके बारे में जानकारी मिल सके। कटारिया ने कहा कि उन्होंने आज तक किसी कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में संत समाज की भागीदारी नहीं देखी। उन्होंने पंजाब और चंडीगढ़ को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में संत समाज की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
वेस्ट से ग्रीन वेल्थ बनाने का लक्ष्य
मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि लक्ष्य केवल 3.50 लाख पौधे लगाना नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित विरासत तैयार करना है। वेस्ट से ग्रीन वेल्थ की सोच के तहत पर्यावरण प्रभावित क्षेत्रों को हरित संपत्ति में बदला जाएगा। नगर निगम इस अभियान और डड्डूमाजरा में हर्बल गार्डन विकसित करने में पूरा सहयोग देगा।
सेक्टर-24 से शुरुआत, डड्डूमाजरा में लगाए 750 पौधे
प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सेक्टर-24सी की ग्रीन बेल्ट में रुद्राक्ष का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने मेयर और संत-महात्माओं के साथ पौधों से भरे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डड्डूमाजरा के पुराने डंपिंग ग्राउंड में पहले चरण में 750 पौधे लगाए गए। इनमें ज्यादातर खजूर के पौधे थे। इसके अलावा छायादार पौधे भी लगाए गए।
शहर के सेक्टर-24, सेक्टर-23 की बैंबू वैली, लेजर वैली, शांति कुंज, राजेंद्र गार्डन, जापानी गार्डन और मनीमाजरा के शिवालिक गार्डन समेत विभिन्न हरित क्षेत्रों में भी पौधे लगाए जाएंगे। इनमें नीम, आंवला, बांस और अन्य औषधीय व देशी प्रजातियों के पौधे शामिल होंगे।
संत समाज ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
आचार्य स्वामी राजेश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन का गहरा संबंध है। संत समाज पौधारोपण और हर्बल गार्डन के विकास में लगातार सहयोग करेगा। कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों संत-महात्मा शामिल हुए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।