अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने के मामले में सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित कंपनी को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का संरक्षण प्राप्त है।
चंडीगढ़ में जारी बयान में अभय चौटाला ने कहा कि बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान दो दिन तक बिजली-पानी की किल्लत से आम जनता और किसान परेशान रहे। गैर तकनीकी कर्मचारियों को बिजली व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी देकर उनकी जान जोखिम में डाली गई।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मुख्यमंत्री और बिजली मंत्री निजीकरण के खिलाफ हैं तो हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के फैसले को विद्युत अधिनियम की धारा 108 के तहत रद्द करने के लिए कदम क्यों नहीं उठाए गए? उन्होंने लाइसेंस देने के फैसले के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की मांग की। चाैटाला ने आरोप लगाया कि निजी कंपनी को लाइसेंस देने के खिलाफ इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने सुनवाई के दौरान आपत्ति दर्ज कराई थी लेकिन इसके बावजूद लाइसेंस जारी कर दिया गया।