- हरियाणा कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की बैठक के बाद मीडिया से रूबरू हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कांग्रेस के सेक्टर-9 चंडीगढ़ स्थित दफ्तर में मंगलवार को हरियाणा कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की बैठक हुई। बैठक में दलित प्रकोष्ठ के कार्यकारिणी के सदस्यों ने हिस्सा लेकर आगामी रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सरकार अनुसूचित जाति विरोधी है। भाजपा सरकार एक तरफ कांवड़ लेकर आने वालों पर फूल बरसाती है जबकि दूसरी तरफ दलितों के खिलाफ उत्पीड़न पर चुप्पी साधकर बैठ जाती है। प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर गौतम ने कहा कि ऐसा नहीं है, कुर्सी कभी किसी की नहीं होती। अगर पार्टी मजबूत है तो कुर्सी भी मजबूत रहेगी।
गौतम ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में सरकारी स्कूल तेजी से बंद हो रहे हैं। एक अनुमान के हिसाब से तकरीबन 2 लाख स्कूल बंद हो चुके हैं। एक तरफ जहां देश में जहां जनसंख्या बढ़ रही है, दूसरी तरफ सरकारी स्कूलों की संख्या घट रही है और निजी स्कूल बढ़ रहे हैं।
गौतम ने कहा कि सरकारी विश्वविद्यालयों में कोर्स की फीस में बेतहाशा वृद्धि होने से दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के बच्चे दाखिला ही नहीं ले पा रहे हैं। केंद्र सरकार अपनी मर्जी से सीधी भर्तियां कर रही है। भाजपा की धर्म की राजनीति का जवाब सामाजिक न्याय से दिया जा सकता है।
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने संविधान बदलने की बात कही थी लेकिन दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों ने मिलकर जवाब दिया। पिछड़े, दलित और आदिवासियों का रुझान अब कांग्रेस की तरफ बढ़ रहा है।