अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) घोटाले में आरोपी पूर्व विधायक राम निवास सुरजाखेड़ा की तीन लग्जरी गाड़ियों को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने जब्त किया है। एसीबी के अनुसार, सुरजाखेड़ा ने गबन की रकम से तीनों लग्जरी गाड़ियां टोयटा फॉर्च्यूनर, फॉक्सवैगन टाइगन और जगुआर खरीदी। साथ ही सोने, प्लॉट व शेयर बाजार में निवेश किया। पंचकूला की विशेष कोर्ट में पेशी के बाद सुरजाखेड़ा को अंबाला जेल भेज दिया गया है।
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के प्रमुख आलोक मित्तल ने बताया कि 22 अगस्त को एचएसवीपी घोटाले में आरोपी पूर्व विधायक व तत्कालीन लेखा सहायक सुरजाखेड़ा को गिरफ्तार किया गया था। रिमांड पर पूछताछ के दाैरान गाड़ियां खरीदने व अन्य निवेश का खुलासा हुआ है। एडीजीपी ने बताया कि सुरजाखेड़ा ने आरोपी सुनील कुमार बंसल व अन्य आरोपियों के साथ मिलीभगत करके कुल 68 करोड़ 71 लाख 57 हजार 066 रुपये गबन किए। इस राशि से सुरजाखेड़ा ने पांच लाख रुपये के करंसी नोट व तीन कारें खरीदी। चंडीगढ़ नंबर की जगुआर कार 12 जनवरी 2023 को फॉक्सवैगन टाइगन आठ जुलाई 2022 को पंजीकृत कराई गई। ये दोनों गाड़ियां राम निवास की पत्नी मंजीत के नाम पर हैं। हरियाणा नंबर की टोयटा फॉर्च्यूनर राम निवास के नाम पर पंजीकृत है।
प्रॉपर्टी अटैच की प्रक्रिया शुरू
एडीजीपी ने बताया कि आरोपियों द्वारा अपने व अपने परिवार के सदस्यों के नाम से खरीदी गई प्रॉपर्टियों का विवरण प्राप्त करके उन्हें भी अटैच करवाने की कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में मनोज पाल सिंगला, विजय कुमार, सुनील कुमार गर्ग, सुनील कुमार बंसल, यश बिंदल रामकेश सिंह, हरकेश शर्मा, सुरेन्द्र कुमार, नवीन कुमार, नरेश कुमार, भारत कुमार, हरीश कुमार व राम निवास समेत 13 को गिरफ्तार किया जा चुका है।