हरियाणा राज्य कृषि विपण बोर्ड के सेक्टर-6 स्थित मुख्यालय में संचालित कंट्रोल रूम। अमर उजाला
हरियाणा राज्य कृषि विपण बोर्ड ने मुख्यालय पर स्थापित किया है कंट्रोल रूम
चंडीगढ़। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के कंट्रोल रूम पर किसान फसलों के सत्यापन, गेट पास से लेकर आधार कार्ड अमान्य होने जैसी शिकायतें कर रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की निगरानी में संचालित कंट्रोल रूम में किसानों के फोन काॅल के बाद समाधान के रास्ते भी बताए जाते हैं।
कृषि विपणन बोर्ड के मुख्यालय में संचालित कंट्रोल रूम के टोल नंबर 18001802117 पर औसतन प्रतिदिन 90 से 130 तक फोन काॅल आते हैं जिसमें 60 से 70 प्रतिशत फोन काॅल किसानों की ओर से फसल सत्यापन और गेटपास से संबंधित हैं। बोर्ड के मुख्य प्रशासक मुकेश आहूजा की तरफ से सीधे निगरानी रखी जा रही है।
बोर्ड के मुख्य विपणन प्रवर्तन अधिकारी संजीव चौहान का कहना है कि सत्यापन से जुड़ी शिकायतों को लेकर पटवारी, कृषि विभाग और हरसेक की सैटेलाइट में से किन्हीं दो पर एक जैसी रिपोर्ट के आधार पर किसान की फसल का सत्यापन करा दिया जाता है। गेट पास के लिए ई-खरीद पोर्टल पर किसानों की शिकायतों को समाधान के लिए भेजा जाता है।
किसानों के आधार कार्ड अमान्य दिखाने पर मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर कृषि विभाग को ऐसे किसानों को ब्योरा भेजा जाता है। किसानों की शिकायतों के समाधान के लिए पंजीकरण के समय आधार नंबर की कोई एक डिजिट गलत होने की स्थिति में सही नंबर दोबारा अपडेट कर दिया जाता है।
इसी तरह से पंजीकरण के समय आधार नंबर में नाम भी गलत होने के कारण कई बार आधार कार्ड अमान्य दिखा दिया जाता है इसलिए नाम भी सही करने के बाद समस्या का हल किया जा रहा है। अभी तक मुख्यालय के कंट्रोल रूम पर करीब 1700 फोन काॅल आ चुके हैं।