स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव आज करेंगी उज्ज्वल दृष्टि हरियाणा अभियान का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कुमारी आरती सिंह राव आंखों की देखभाल सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए 11 जुलाई को उज्ज्वल दृष्टि हरियाणा अभियान का शुभारंभ करेंगी। इसका उद्देश्य स्कूली बच्चों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराना व 45 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों को निकट दृष्टि सुधार (नियर विजन करेक्शन) की सुविधा प्रदान करना है।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत 22 जिला अस्पतालों, 50 उप-मंडल अस्पतालों और 122 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक साथ 1.4 लाख से अधिक चश्मे वितरित किए जाएंगे। यह अभियान देश का सबसे बड़ा और अनूठा अभियान होगा। यह पहल राष्ट्रीय अंधता एवं दृश्य हानि नियंत्रण कार्यक्रम (एनपीसीबीएंडवीआई) के तहत संचालित की जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष बजट प्रावधान भी किया गया है।
अभियान के तहत राज्य के 14,267 सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लगभग 21 लाख छात्रों की आंखों की जांच की जाएगी और 40,000 जरूरत छात्रों को मुफ्त चश्मे उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त, 50 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की मोतियाबिंद की जांच भी की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सरकारी व गैर-सरकारी अस्पतालों के माध्यम से निःशुल्क ऑपरेशन का प्रावधान भी किया जाएगा।