किसानों ने वार्ता के दाैरान बेहतर प्रसंस्करण सुविधाओं समेत कई मुद्दे उठाए
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भारतीय समवेत औषध संस्थान (सीएसआईआर-आईआईआईएम) के विशेषज्ञों ने हिसार और रोहतक में सीएसआईआर-एरोमा मिशन क्लस्टरों का दौरा किया। इन क्लस्टरों की प्रगति की समीक्षा की और सुगंधित फूलों और औषधीय पाैधों की खेती के प्रभाव का आकलन किया।
भारतीय समवेत औषध संस्थान जम्मू के निदेशक जबीर अहमद ने एरोमा मिशन की नोडल वैज्ञानिक सुफला बी. गुप्ता के साथ किसानों से मुलाकात की। उन्होंने इन फसलों की खेती में हुई प्रगति का जायजा लिया। किसानों ने बेहतर प्रसंस्करण सुविधाओं, विशेषकर बुनियादी ढांचे की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अपनी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के लिए मूल्य संवर्धन, गुणवत्ता आश्वासन और बेहतर बाजार पहुंच के लिए भी सहयोग मांगा। वार्ता के दौरान किसानों को प्रसंस्करण सुविधाओं और बाजार संपर्क के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। यह भी कहा कि सीएसआईआर-आईआईआईएम आने वाले वर्ष में क्लस्टरों को मजबूत करने के लिए हर संभव तकनीकी और संस्थागत सहयोग देगा। सीएसआईआर-एरोमा मिशन के तहत हिसार और रोहतक जिलों में दो क्लस्टर स्थापित किए गए हैं। हिसार क्लस्टर मुख्य रूप से तुलसी की खेती पर केंद्रित है जिसमें 15 से अधिक किसान सक्रिय हैं। रोहतक में लगभग 25 किसान क्लस्टर से जुड़े हैं जहां लेमनग्रास प्रमुख फसल है।