महानिदेशक प्राथमिक शिक्षा की ओर से जारी किया गया पत्र
चंडीगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग ने कक्षा 2 और 3 के बच्चों के अधिगम स्तर का आकलन करने के लिए चलाए गए जनगणना समूहीकरण अभ्यास को दोबारा शुरू करने का फैसला लिया है। विभाग की ओर से यह अभ्यास 15 और 16 सितंबर को सभी सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में आयोजित किया गया था जिसमें कुल 2.61 लाख विद्यार्थियों को शामिल किया जाना था। रिपोर्ट के अनुसार अब तक लगभग 80 फीसदी बच्चों का मूल्यांकन हो चुका है जबकि 20 फीसदी यानी करीब 52 हजार बच्चों का आकलन अधूरा है। इस संबंध में सहायक निदेशक (अकादमी), महानिदेशक प्राथमिक शिक्षा की ओर से सभी जिला शिक्षा, मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। इस मूल्यांकन का मकसद प्रत्येक विद्यार्थी की साक्षरता और संख्यात्मकता क्षमता की सही स्थिति जानना है ताकि आगे की पढ़ाई उनके स्तर के अनुरूप करवाई जा सके। यह विशेष अभ्यास 3 अक्तूबर से 9 अक्तूबर तक निपुण हरियाणा शिक्षक एप पर फिर से शुरू किया जाएगा। इस दौरान केवल वही विद्यार्थी सूची में दिखेंगे जिनका मूल्यांकन पहले छूट गया था। बच्चों का मूल्यांकन अब उनके कक्षा अध्यापक स्वयं करेंगे और उन्हें वही दिशानिर्देश मानने होंगे जो पहले टीजीटी/पीजीटी को दिए गए थे। विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों व एफएलएन समन्वयकों को आदेश दिए हैं कि जिन विद्यालयों में यह कार्य अधूरा है, वहां इसे प्राथमिकता से पूरा करवाया जाए। अधूरे विद्यालयों की सूची विभाग ने ऑनलाइन पोर्टल पर साझा कर दी है।