- विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी किए गए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में ज्ञान और प्रेरणा का संगम देखने को मिलेगा। विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने प्रदेशभर के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। 25 नवंबर को शहीदी दिवस मनाया जाएगा।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुरु तेग बहादुर के जीवन, बलिदान और शिक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही यह आयोजन न्याय, साहस, धार्मिक सहिष्णुता और विविधता के सम्मान जैसे मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देगा।
निबंध लिखने के लिए 90 मिनट मिलेंगे
प्रतियोगिता विद्यालय स्तर पर ऑफलाइन होगी। विद्यार्थियों को ए4 आकार के कागज पर हाथ से निबंध लिखना होगा। इसके लिए 90 मिनट का समय दिया जाएगा जबकि विशेष आवश्यकता वाले बच्चे (सीडब्ल्यूएसएन) विद्यार्थियों को अतिरिक्त 30 मिनट का समय मिलेगा। प्रतिभागी हिंदी, पंजाबी, संस्कृत या अंग्रेजी में निबंध लिख सकते हैं। निबंध की लंबाई 500 से 600 शब्दों के बीच रखी गई है। मूल्यांकन के लिए 100 अंक निर्धारित किए गए हैं जिनमें विषय की समझ, मौलिकता, भाषा, व्याकरण और प्रस्तुति के आधार पर अंक दिए जाएंगे।