अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। ईआरएसएस-112 के संचार कर्मचारियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य संकट प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. ब्रह्मदीप, डॉ. एमपी शर्मा और सिविल अस्पताल पंचकूला की मनोवैज्ञानिक सामाजिक कार्यकर्ता अंकिता चौधरी ने प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों को आत्महत्या, अवसाद, तनाव और आत्म क्षति जैसे मामलों को संभालने के लिए तैयार करना था। 112 पर कॉल आने पर यही कर्मचारी सबसे पहले संपर्क में आते हैं इसलिए उन्हें संवेदनशील और व्यावहारिक तरीके से प्रतिक्रिया देने की तकनीकें सिखाई गईं।
सत्र में कॉल के दौरान व्यक्ति के व्यवहार और बातों से खतरे के संकेत पहचानने, सक्रिय सुनने, तनाव कम करने की तकनीक अपनाने और फोन पर तुरंत भावनात्मक सहयोग देने पर जोर दिया गया। साथ ही जरूरत पड़ने पर संबंधित सेवाओं से समय पर संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। प्रशिक्षण को इंटरैक्टिव बनाया गया जिसमें वास्तविक स्थितियों पर आधारित अभ्यास कराए गए जिससे कर्मचारियों का आत्मविश्वास बढ़ा है।