- 17 से 31 जुलाई तक 219 मामलों का निपटारा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेशभर में बिजली बिल बकाया वसूली अभियान में 15 दिन के अंदर (17 से 31 जुलाई तक) 219 मामलों में 4.67 करोड़ रुपये की रिकवरी हुई है। हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रवि किरण माटा ने बिजली मामलों के विशेष निपटान अभियान की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों की बेहतर प्रदर्शन करने वाली पुलिस टीमों की सराहना की। अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों को अभियान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ताहिर हुसैन और सभी उप पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे।
अभियान के दौरान बड़ी राशि वाले मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। गुरुग्राम डिवीजन ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 53 मामलों का निपटारा कर 1 करोड़ 26 लाख 97 हजार 935 रुपये की वसूली की। अकेले गुरुग्राम में एक से दो लाख रुपये श्रेणी के 35 मामलों से 46.5 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूल की गई। फरीदाबाद में 29 मामलों में 72 लाख 78 हजार 767 रुपये की रिकवरी हुई। इनमें पांच लाख रुपये से अधिक श्रेणी के चार मामलों से 27 लाख 52 हजार 462 रुपये वसूले गए। अंबाला डिवीजन में 20 लाख 2 हजार 683 रुपये, हिसार डिवीजन में 18 लाख 64 हजार 355, करनाल डिवीजन में 16.30 लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई।