डेंगू के मरीज 400 पार, 1.23 लाख घरों में मिला लार्वा, 39724 को नोटिस
रेवाड़ी सबसे आगे, गुरुग्राम और सोनीपत भी बने हॉट स्पॉट
बारिश और नमी ने बढ़ाया मच्छरों का प्रकोप, हरियाणा में डेंगू मरीजों का आंकड़ा 436 पर, मलेरिया के केस भी 100 पार
आशीष वर्मा
चंडीगढ़। कई दिनों से जारी बारिश से डेंगू-मलेरिया के केसों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। तीन दिन में पूरे राज्य में डेंगू के 36 नए केस आए हैं। नए केसों को मिलाकर राज्य में डेंगू के कुल 436 मरीज अब तक मिल चुके हैं। सबसे ज्यादा रेवाड़ी में 124, गुरुग्राम में 49 और सोनीपत में 33 शहर शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि अब तक किसी शहर में डेंगू से मौत नहीं हुई है। 20 अगस्त तक कुल 2.6 करोड़ घरों का कई बार विभाग की टीनों ने दौरा किया। 1.23 लाख घरों में लार्वा पाया गया। 31 अगस्त तक 39,724 लोगों को नोटिस जारी किया गया जिनके घरों में मच्छरों का प्रजनन पाया गया है।
प्रदेश में 27 जुलाई से लगातार बारिश हो रही है। इससे कई इलाकों में जलभराव हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बारिश, नमी और तापमान में उतार-चढ़ाव मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां पैदा कर रहा है। इससे मच्छरों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है और आगे इनकी संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. राजीव बातिश के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग की टीमें फील्ड में जुटी हुई हैं। घर-घर सर्वे के साथ लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है कि वे कहीं भी पानी जमा न होने दें।
इन जिलों में डेंगू के सबसे ज्यादा मरीज
• रेवाड़ी – 124
• गुरुग्राम – 49
• सोनीपत – 33
• रोहतक – 31
• करनाल – 29
• पंचकूला – 19
• यमुनानगर – 18
• पानीपत – 17
• झज्जर – 16
• हिसार – 13
• दादरी – 13
• जींद – 12
• महेंद्रगढ़ – 10
⸻
तैयारियां
•
डेंगू मरीजों के लिए 241 वार्ड व 1050 बिस्तर आरक्षित
•
निजी अस्पतालों में 72 एफेरेसिस मशीनें सक्रिय
•
घर-घर सर्वे व नोटिस: अब तक 39,724 नोटिस जारी
मलेरिया के केस 100 पार, पिछले सीजन से बढ़ने लगे केस
स्वास्थ्य विभाग के दावों के विपरीत हरियाणा में मलेरिया को केस भी बढ़ रहे हैं। 2024 में मलेरिया के 124 केस सामने आए थे जबकि इस बार चार सितंबर तक ही मलेरिया के केस 112 हो गए हैं। कुरुक्षेत्र में पिछले दो साल से मलेरिया के केस नहीं आ रहे थे मगर इस बार वहां भी दो केस आए हैं। इसी तरह भिवानी में भी मलेरिया के केसों को काबू कर लिया गया था वहां भी दो केस दर्ज किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना
बारिश, नमी और तापमान में उतार-चढ़ाव मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां पैदा कर रहे हैं। घर-घर सर्वे और जनजागरूकता से ही डेंगू-मलेरिया पर काबू पाया जा सकता है।
— डॉ. राजीव बातिश, एडीजी हेल्थ