चंडीगढ़। बिजली उपभोक्ता की पात्रता को नकारते हुए तत्काल लागू नए नियमों को थोपने पर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) पर हरियाणा सेवा का अधिकार आयोग ने पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यह राशि शिकायतकर्ता को देने के आदेश दिए हैं। सिरसा निवासी रघबीर सिंह ने आयोग को दी गई शिकायत में बताया कि उन्होंने औद्योगिक विद्युत कनेक्शन लेने के बाद तय सब्सिडी के लिए आवेदन किया था। निगम द्वारा उन्हें यह लाभ प्रदान नहीं किया गया जबकि उन्होंने सब्सिडी के लिए सभी पात्रताएं पूरी की थीं। उनका कनेक्शन 20 किलोवाट से कम लोड का है और इकाई सी श्रेणी खंड में आती है। आयोग की जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता की पात्रता को नकार कर पूर्व प्रभाव से नई शर्तें थोप दी गईं। ब्यूरो