बैठक के दौरान मौजूद पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेशभर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त और रेंज आईजी शामिल हुए। इसमें अवैध रूप से रह रहे विदेशियों, सूदखोरों, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई, ट्रैफिक प्रबंधन और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
डीजीपी कपूर ने निर्देश दिए कि हर जिले में अवैध विदेशियों पर निगरानी के लिए विशेष सेल गठित किया जाए और हर सप्ताह रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाए। सूदखोरी के खिलाफ चल रहे अभियान पर उन्होंने कहा कि गरीबों का शोषण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पुलिस का संकल्प है। अपराधियों और बदमाशों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए थाना प्रभारी को व्यक्तिगत रूप से उनकी गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था पर एडीजीपी हरदीप दून ने बताया कि 5 से 14 सितंबर तक चलाए गए विशेष अभियान में 30,603 चालान किए गए, जिनमें शराब पीकर गाड़ी चलाने और अन्य उल्लंघन शामिल हैं। डीजीपी ने संवेदनशील स्थानों पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम करने और आमजन में लेन ड्राइविंग को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
त्योहारों के सीजन में भीड़भाड़ वाले स्थानों और धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा सख्त करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बड़े मेलों और मंदिरों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और भीड़ सीमा से अधिक होने पर प्रवेश नियंत्रित किया जाए।
डीजीपी ने दोहराया कि पुलिस का उद्देश्य जनता को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है और त्योहारों में हर पुलिसकर्मी जनता की सुरक्षा की ढाल बने।