बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के शिक्षकों के एडमिट कार्ड अपलोड, हेल्पलाइन नंबर जारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। राजकीय मॉडल संस्कृति और पीएमश्री स्कूलों में मेरिट के आधार पर शिक्षकों को नियुक्ति मिलेगी। बोर्ड की तरफ से परीक्षा परिणाम आने के बाद शिक्षा निदेशालय की ओर से कट ऑफ सूची तैयार की जाएगी। इसमें शिक्षकों के शैक्षणिक योग्यता वाले अंक भी जोड़े जाएंगे। वहीं, शुक्रवार से एडमिट कार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध हो गए हैं। शिक्षक और स्कूल प्रमुख अपनी एम्प्लाॅई आईडी और मोबाइल नंबर भरकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। किसी भी तरह की समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 0166 4254305 जारी किया गया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अनुसार, परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नपत्र के आधार पर होगी। पीआरटी-एचटी श्रेणियों के लिए 70 अंक और अन्य श्रेणियों के लिए 60 अंक की परीक्षा होगी। 30 जून की परीक्षा के बाद एक सप्ताह में परिणाम आएंगे। इसके बाद जीएमएस व पीएमश्री स्कूलों में खाली पदों के आधार पर कट ऑफ सूची तैयार कर मेरिट के आधार पर शिक्षकों का तबादला होगा।
प्रदेशभर के कुल 468 सरकारी मॉडल संस्कृति (जीएमएस) व पीएमश्री माध्यमिक उच्च विद्यालय और 1420 सरकारी मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूलों में नियुक्ति पाने के लिए 12,318 शिक्षकों ने आवेदन किया है। इनमें 6797 पीजीटी, 2524 टीजीटी, 311 प्रधानाचार्य, 50 हेडमास्टर और 2636 जेबीटी शामिल है।