- सरकार ने गठित की राज्य व जिलास्तरीय कमेटियां
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। केंद्र सरकार की राष्ट्रीय भू-स्थानिक नीति के तहत एक अभिनव पहल के अंतर्गत ऑपरेशन द्रोणगिरि के पहले चरण में केंद्र सरकार ने हरियाणा सहित पांच राज्यों को चयनित किया है। यह जानकारी राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग वित्तायुक्त व अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने दी।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि केंद्र सरकार कि इस पहल को सफलता पूर्वक पूरा करने के लिए राज्यस्तरीय व जिलास्तरीय कमेटियां गठित की हैं, जिसकी अध्यक्षता भूमि अभिलेख निदेशक, हरियाणा करेंगे। सर्वे ऑफ इंडिया हरियाणा के निदेशक को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। हरियाणा के अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, असम और उत्तर प्रदेश राज्य भी पहले चरण में चयनित हुए हैं।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन द्रोणगिरि का उद्देश्य राष्ट्रीय भू-स्थानिक नीति के तहत राष्ट्रीय विकास, आर्थिक समृद्धि एवं सूचना आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है। इस परियोजना की नोडल एजेंसी सर्वे ऑफ इंडिया है।
सोनीपत जिले से होगी शुरुआत
हरियाणा में प्रारंभिक तौर पर इस योजना के लिए सोनीपत जिले को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना है। जिला स्तर पर सोनीपत में जिला उपायुक्त इस समिति की अध्यक्षता करेंगे, जबकि सर्वे ऑफ इंडिया हरियाणा के अधीक्षक सर्वेक्षक सदस्य सचिव होंगे। जिला राजस्व अधिकारी सोनीपत एवं राजस्व व आपदा प्रबंधन विभाग के आईटी महाप्रबंधक सदस्य के रूप में कार्य करेंगे।