चंडीगढ़। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों की गूंज अभियान के तहत 17 जुलाई को देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम को अनुमति नहीं देना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। भाजपा सरकार छात्रों व युवाओं की समस्याएं सुनने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
यहां जारी एक बयान में राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम राजनीतिक नहीं बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों, बेरोजगार युवाओं और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद का मंच था। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे संवाद को रोकने के बजाय युवाओं की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी युवाओं के अधिकार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और रोजगार के अवसरों के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा युवाओं की आवाज हर मंच पर मजबूती से उठाएगी।