अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में डेंगू के मामले 900 पार हो गए है जोकि एक अक्तूबर तक के सरकारी आंकड़ें हैं। इसके बाद सरकारी छुट्टियां होने के चलते विभाग की ओर से बढ़ने वाले मामलों की संख्या जारी नहीं की गई है। रेवाड़ी सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है जहां 200 से अधिक सामने आए हैं। इसके बाद गुरुग्राम, सोनीपत, रोहतक, करनाल और पंचकूला में क्रमशः 55, 51, 53, 55 और 33 मामले सामने आए हैं। मरीजों के नमूने राज्य भर की 27 जांच प्रयोगशालाओं में भेजे जा रहे हैं और नमूना लेने की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बरसात के चलते डेंगू के मामलों में वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशभर में लोगों से जलभराव से बचने, पूरी बाजू के कपड़े पहनने और बुखार होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार मानसून के मौसम में डेंगू और मलेरिया के मामलों में वृद्धि आम बात है लेकिन इस बार यह दर थोड़ी अधिक है। सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है।