एक जनवरी से प्रभावी होंगी संशोधित दरें, कुल भत्ता हुआ 55 फीसदी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने बुधवार को कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता दो फीसदी बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। अब कर्मचारियों को डीए 53 फीसदी से बढ़कर 55 फीसदी मिलेगा। मई माह में मिलने वाली सैलरी और पेंशन बढ़ी हुई मिलेगी। इसका लाभ हरियाणा के करीब तीन लाख नियमित कर्मचारियों और तीन लाख पेंशनभोगियों को मिलेगा। संशोधित दरें एक जनवरी 2025 से लागू होंगी।
वित्त विभाग की ओर से बुधवार को जारी पत्र के मुताबिक बीते तीन महीने के एरियर का भुगतान मई में किया जाएगा। संशोधित महंगाई भत्ते के साथ अप्रैल का वेतन व पेंशन दी जाएगी। वहीं, महंगाई भत्ते के कारण यदि रुपयों के साथ 50 पैसे या उससे अधिक का भुगतान कर्मचारी को किया जाना है तो उसे पूरा एक रुपया मिलेगा। जबकि भुगतान 50 पैसे से कम रहा तो उसकी अनदेखी की जा सकती है। हालांकि पिछले साल हरियाणा सरकार ने डीए में तीन फीसदी की वृद्धि की थी। इस बार दो फीसदी ही डीए बढ़ा है।