- अंडर -15 और अंडर-20 चयन ट्रायल में 12 पहलवानों ने बनाई भारतीय टीम में जगह
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित अंडर-15 और अंडर-20 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप चयन ट्रायल में हरियाणा की महिला पहलवानों का दबदबा रहा है। दोनों आयु वर्गों में प्रदेश की 12 पहलवानों का भारतीय टीम में चयन हुआ है। अब ये खिलाड़ी 27 जून से 5 जुलाई तक थाईलैंड में होने वाली एशियाई चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अंडर-15 वर्ग में हरियाणा की दिव्या रानी (36 किग्रा), विनाक्षी फोगाट (46 किग्रा), मोहिनी (50 किग्रा), निशा (54 किग्रा) और दीपांशी वर्मा (58 किग्रा) ने अपनी-अपनी भार श्रेणियों में जीत दर्ज कर टीम में जगह बनाई। वहीं अंडर-20 वर्ग में परवीन (50 किग्रा), मुस्कान (53 किग्रा), काजल (55 किग्रा), मुस्कान मलिक (65 किग्रा), मानसी लाठर (68 किग्रा), मनीषा (72 किग्रा) और काजल (76 किग्रा) का चयन हुआ है।
खास बात यह रही कि चयनित खिलाड़ियों में रोहतक के सीआर स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने वालीं पांच पहलवान शामिल हैं। इनमें सविता दलाल और मुस्कान मलिक के अलावा विनाक्षी फोगाट, मोहिनी और दीपांशी वर्मा शामिल हैं। कुश्ती कोच मनदीप सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों के चयन को हरियाणा की मजबूत कुश्ती परंपरा व प्रशिक्षण व्यवस्था की सफलता माना जा रहा है।