- वोट चोरी और एसआईआर में गड़बड़ी के खिलाफ घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता, विधायकों को अपने हलकों में चौपाल लगाने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पन्ना प्रमुख की तर्ज पर कांग्रेस अब हरियाणा में हर घर प्रमुख नियुक्त करेगी। 26 नवंबर को हरियाणा विधानसभा सत्र की रणनीति और पार्टी कार्यक्रमों पर चर्चा के लिए वीरवार को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। पार्टी पानी, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और बेरोजगारी पर सदन में सरकार को घेरेगी।
विधायकों को अपने-अपने हलकों में जनता के बीच चौपाल बैठकें करने के निर्देश दिए गए। 25 नवंबर को चंडीगढ़ में विधायक दल की अगली बैठक होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। कांग्रेस का हर घर प्रमुख बनाने का मकसद पार्टी संगठन को घर-घर तक पहुंचाना और मतदाताओं से सीधा संपर्क बनाना है। कांग्रेस वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को गांवों और चौपालों तक ले जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता लोगों को वोट चोरी और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गड़बड़ियों के प्रति जागरूक करेंगे।
शिक्षा व्यवस्था पर राज्यपाल को सौंपेंगे ज्ञापन
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि बैठक में मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों के आंदोलन को समर्थन दिया गया। कॉलेज में जरूरत के अनुसार स्टाफ और सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं की कमी व कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शिक्षा के गिरते स्तर को लेकर पार्टी जल्द राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी।
इन मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगेगी कांग्रेस
बैठक में भाखड़ा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई। हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा को उसके हिस्से का पानी नहीं मिल रहा। कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएगी। इसके अलावा महंगाई, बेरोजगारी, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और खाद की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।