अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरफ से हरियाणा में वोट चोरी के आरोपों के बीच सियासत तेज हो गई है। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चाैटाला ने राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाए हैं। अभय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समय वोट चोरी की शुरुआत हुई और अब उसी नीति को भाजपा आगे बढ़ा रही है। पत्रकारों से वार्ता करते हुए अभय ने आरोप लगाए कि राहुल ने तेलांगना, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक जैसे राज्यों में कांग्रेस की सरकार आई तब उन्होंने इन राज्यों के नाम नहीं लिए, क्या वहां वोट चोरी नहीं होते। राहुल से सवाल करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में पहले एक ही आदमी मशीनों के बटन दबाकर वोट डाल देता था और तब कांग्रेस क्यों चुप थी जबकि उस समय कांग्रेस की ही सरकार थी। कांग्रेस और भाजपा को घेरते हुए अभय ने कहा कि एक पार्टी नागनाथ तो दूसरी पार्टी सांपनाथ है। दोनों पार्टियां चोर-चोर मौसेरे भाई वाली है। राहुल द्वारा सेना पर दिए गए बयान कि देश के मात्र 10 प्रतिशत लोगों को कब्जा है का जवाब देते हुए कहा कि सेना पर टिप्पणी नहीं होनी चाहिए यह दुर्भाग्यपूर्ण है।