अमर उजाला ब्यूरो,
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार गौ संरक्षण को लेकर प्राथमिकता से कार्य कर रही है। सरकार ने गौशालाओं के विकास, गौवंश के संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव के 556वें प्रकाश पर्व पर नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित स्वदेशी राष्ट्रीय गौधन समिट-2025 के उद्घाटन अवसर पर यह बातें कहीं। यह आयोजन 10 नवंबर तक होगा और इस समिट में देशभर से अनेक जनप्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में विशाल नामधारी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। बताया गया कि देसी गाय के दूध डायबिटिज व हृदय रोगों से बचाव व उपचार में अत्यंत लाभकारी है। मुख्यमंत्री ने हरियाणा में गाै संरक्षण के लिए होने वाले कार्यों की जानकारी दी। हरियाणा में 686 गौशालाओं में लगभग 4 लाख गौवंश का पालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित बंगला साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका और शीश नवाया। गुरुद्वारे में मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया।