बजट सत्र में बोलते कांग्रेसी विधायक अशोक अरोड़ा साथ में मंत्री कृष्ण बेदी
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा सरकार की महिलाओं को हर महीने 21 सौ रुपये देने की लाडो लक्ष्मी योजना पर पूछे गए सवाल को लेकर सदन में मंगलवार को तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर भाजपा-कांग्रेस विधायक आमने-सामने हो गए। प्रश्न काल के दौरान मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने पूछा, राज्य की महिलाओं को लक्ष्मी लाडो योजना का लाभ कब से मिलेगा।
सवाल का जवाब देने के लिए सैनी सरकार की ओर से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी खड़े हुए और कहा- पार्टी के घोषणापत्र में यह प्रस्ताव दिया गया था। मामला विचाराधीन है। सरकार जल्द ही इस पर फैसला लेगी। बेदी के इस जवाब से कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी नाराज हो गई। सदन में कहा- उन्हें बहुत हैरानी हो रही है कि इस तरह का जवाब सदन में दिया गया है। सरकार की यही गंभीरता है। हरियाणा की आधी आबादी के प्रति आपकी पार्टी की ओर से यह पहला संकल्प लिया गया था। प्रत्येक महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात कही गई थी। अब योजना को मामला बताया जा रहा है। जिसके फार्म छप चुके थे। चुनाव के समय कई जगह फार्म भरवाए गए थे। पांच महीने बाद बताया जा रहा है कि मामला विचाराधीन है। मैं स्पष्ट सवाल पूछ रही हूं कि योजना कब लागू होगी।
इस पर बेदी अपनी सीट पर खड़े हुए और कहा- सरकार योजना बना रही है। आपको सरकार की गंभीरता पर चिंता करने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा- उन्होंने कहा- आपकी पार्टी ने जहां-जहां घोषणा की थी, क्या वहां खाते में खटाखट खटाखट आ गए। हिमाचल, कर्नाटक व तेलंगाना की जनता आज भी कांग्रेस की इन घोषणाओं के पूरा होने का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा नायब सिंह के वादे ही गारंटी हैं। इसे लेकर सरकार गंभीरता से काम कर रही है।
कांग्रेस का नाम लेने पर हुड्डा व अन्य विधायक खड़े हुए सीट पर
मंत्री बेदी ने जब कांग्रेस शासित का नाम लिया तो कांग्रेस विधायक भड़क गए। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मंत्री गीता भुक्कल व आफताब अहमद अपनी सीट पर खड़े हो गए और कहा कि और राज्यों की योजनाओं पर बात करने के बजाय अपने प्रदेश की योजना पर रुख साफ करिए। उधर, सत्ता पक्ष की तरफ से निकाय मंत्री विपुल गोयल भी खड़े हो गए और दोनों के पक्ष के बीच बहस शुरू हो गई। आखिर में स्पीकर हरविंद्र कल्याण को बीच-बचाव करना पड़ा। उन्होंने कांग्रेस विधायकों से कहा- सरकार इस पर विचार कर रही है। तारीख नहीं बताई जा सकती।
सरकार बजट में कर सकती है घोषणा
इस बीच, सरकार से जुड़े लोगों ने बताया, हरियाणा बजट सत्र के दौरान लक्ष्मी लाडो योजना की घोषणा कर सकती है। इसके लिए अतिरिक्त बजट का इंतजाम भी किया गया है। बजट में घोषणा करने की वजह से सरकार ने अभी इस योजना के बारे में खुलासा नहीं किया है। हालांकि सीएम नायब सिंह सैनी चुनावी रैलियों व अन्य सार्वजनिक मंचों पर कहते आएं हैं कि वह बजट में इसकी घोषणा करने जा रहे हैं।