- वोट बचाओ अभियान के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त, पंजाब के 10 जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों पर रखेंगे नजर
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के दो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और अशोक तंवर को पंजाब में संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंजाब कांग्रेस कमेटी ने दोनों को वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दोनों पंजाब के 10 जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों पर नजर रखेंगे। दोनों नेता संबंधित क्षेत्रों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षकों के साथ दौरा कर अभियान की गतिविधियों में सहयोग करेंगे।
पार्टी की ओर जारी आदेश के अनुसार उदयभान को मानसा, संगरूर, पटियाला और बरनाला जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अशोक तंवर रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, खन्ना, मोहाली और मलेरकोटला में अभियान से जुड़ा काम देखेंगे। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने जिला कांग्रेस समितियों और संबंधित संगठनों को पर्यवेक्षकों के साथ सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।
उदयभान अप्रैल 2022 में हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे। वह चार बार विधायक रह चुके हैं और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी माने जाते हैं। अशोक तंवर सिरसा से सांसद रह चुके हैं। 2019 में कांग्रेस छोड़ने के बाद वह आम आदमी पार्टी और भाजपा में रहे। लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर सिरसा से हारने के बाद उन्होंने कांग्रेस में वापसी की थी। अब दोनों नेताओं को पंजाब में पार्टी ने जिम्मेदारी साैंपी है।