अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश कांग्रेस ने राज्य में 26 जिला कार्यकारिणियों का गठन कर दिया है। हरियाणा के कुल 23 जिलों में शहरी व ग्रामीण दोनों को मिलाकर 33 जिला कार्यकारिणियों का गठन करना है।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अगुवाई में इस प्रक्रिया के तीसरे चरण में रेवाड़ी (ग्रामीण), भिवानी (ग्रामीण) और अंबाला कैंट जिला की कार्यकारिणी का गठन कर सूची जारी कर दी है। उन्होंने बताया कि अब तक 26 जिला कांग्रेस समितियों का गठन हो चुका है। शेष का गठन भी जल्द ही कर लिया जाएगा। राव नरेंद्र ने कहा कि आगामी चरण में अब ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर सक्रिय रूप से जुड़ने का अवसर मिलेगा। यह प्रयास पार्टी को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार करने और जनता से सीधे जुड़ने में सहायक सिद्ध होगा। इससे पार्टी में नई टीमों के साथ-साथ अनुभवी और युवा नेताओं का संतुलन भी सुनिश्चित हुआ है।