अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा की मंडियों में गेहूं उठान में देरी के बीच लापरवाही के कारण फसल खराब होने पर सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वीरवार को सिरसा के नाथूसरी चौपटा में चार आढ़तियों पर नुकसान मानक के आधार पर 3-3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह जुर्माना 11 अप्रैल को बरसात के कारण मंडी में गेहूं भीगने के कारण लगाया गया। नियमों के अनुसार, गेहूं मंडी में खरीदने पर आढ़ती और बोली लगने के बाद एजेंसियों की जिम्मेदारी होती है। सिरसा के मंडी सचिव ने बताया कि आढ़तियों ने अनाज को ढकने का पूरा प्रबंध नहीं किया था। इसी कारण कबीर ट्रेडिंग कंपनी, शिवम बागडी लेबर कांट्रैक्टर, कपूर चंद और गैलेक्सी कमीशन सेंटर पर जुर्माना लगाया गया है। गौैरतलब है कि 12 अप्रैल को सीएम नायब सैनी ने सिरसा के नाथूसरी चौपटा और नारनौंद की अनाज मंडियों में किसानों की फसलें भीगने की सूचना मिलने पर अधिकारियों को जिम्मेदारों के खिलाफ एक्शन लेने के निर्देश दिए थे।