- नकल के नेटवर्क को तोड़ने के लिए बड़ी तैयारी, बायोमीट्रिक से मिलेगी एंट्री
- परीक्षार्थियों को प्रवेशपत्र का रंगीन प्रिंटआउट लाना होगा, आवेदन वाला फोटो चस्पा करना होगा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में 26 और 27 जुलाई को आयोजित होने वाली सीईटी (संयुक्त पात्रता परीक्षा)-2025 की तैयारियां जारी हैं। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग तैयारियों में जुटा है। इस बार सबसे बड़ी चुनाैती नकल माफिया के नेटवर्क को तोड़ना है। आयोग ऐसे लोगों की सूचना देने के लिए नंबर जारी कर चुका है। परीक्षा की सीधी निगरानी के लिए आयोग के सदस्यों को जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सभी पांच सदस्यों को चार से छह तक जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये लोग परीक्षा की निगरानी से लेकर तैयारियों पर भी नजर रखेंगे।
हरियाणा में कई बड़ी परीक्षाओं में नकल माफिया हावी रहे हैं, इसलिए आयोग भी इस बार बेहद सतर्क है। परीक्षार्थियों की परीक्षा केंद्रों पर बायोमीट्रिक आधार पर परीक्षा कक्ष तक पहुंच सकेंगे। आयोग की तरफ से जो प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं उनमें बायोमैट्रिक्स हाजिरी के लिए क्यूआर कोड दिया गया है। इस क्यूआर कोड को परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारी स्कैन करेंगे। यही कारण है कि प्रत्येक परीक्षार्थी को ए4 साइज के पेज पर रंगीन प्रवेशपत्र परीक्षा केंद्रों पर साथ लेकर पहुंचना होगा। इसी रंगीन प्रवेश पत्र पर एक फोटो भी लगाना होगा। इसके लिए बाॅक्स छोड़ा गया है। बाॅक्स में वही फोटो होना चाहिए, जो परीक्षा के दाैरान ऑनलाइन आवेदन के दाैरान पोर्टल पर अपलोड किया था। इस फोटो को स्वयं सत्यापित भी करना होगा। वहीं, कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए जाने वाले 1348 प्रतिनिधियों को सभी निर्देशों यानी एसओपी से अवगत कराने के लिए प्रशिक्षित करेगा।
धार्मिक रीति-रिवाजों से जुड़ी सामग्री पर भी रहेगी पाबंदी
परीक्षा के दाैरान गहन तलाशी के कारण समय की बर्बादी से बचने के लिए खास हिदायतें दी हैं। परीक्षा के दाैरान पेन, पेंसिल, इरेजर, शार्पनर, करेक्शन फ्लूइड, अंगूठी, चेन, बाली, नोज पिन, चूड़ियां/कंगन, हार, ताबीज, झुमके, कड़ा आदि लाने पर भी पाबंदी रहेगी।परीक्षा के समय इन्हें पहनकर परीक्षा कक्ष तक नहीं जा सकेंगे। परीक्षार्थी इन्हें पहनकर आता है तो उन्हें संभालकर रखने की जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। वहीं, परीक्षा के दाैरान पर्स, चश्मा, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी, कलाई घड़ी, ब्रेसलेट, कैमरा, आभूषण/धातु की वस्तुएं, खुला या पैक किया हुआ खाद्य पदार्थ, पानी की बोतल, संचार उपकरण जैसे माइक्रोचिप, कैमरा, ब्लूटूथ डिवाइस आदि भी लाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा नुकीली या नुकसान पहुंचाने वाली धातु या अन्य प्रकार की वस्तुएं लाने पर भी पूरी पाबंदी रहेगी।
मेटल डिक्टेटर से होगी तलाशी, एक पहचान-पत्र साथ लाना होगा
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दाैरान प्रवेश पत्र की रंगीन काॅपी के साथ ही कोई भी एक पहचान-पत्र साथ में लाना होगा। पहचान-पत्र में ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट आदि जैसे मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना होगा। इसके बिना अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मोबाइल फोन में फोटो कॉपी या स्कैन की गई प्रतियां स्वीकार्य नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले उम्मीदवारों की अत्यधिक संवेदनशील मेटल डिटेक्टर की मदद से तलाशी ली जाएगी।
उत्तर पुस्तिकाओं को खरोंचने या दागने पर रद्द होगी उम्मीदवारी
परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिकाएं संभालकर रखनी होंगी। ओएमआर उत्तर पुस्तिकाओं को मोड़ें, फाड़ें, नष्ट न करें या उन पर कोई निशान न छोड़ें। परीक्षा के दौरान ओएमआर शीट को किसी भी तरह से दागने, खरोंचने या नुकसान पहुंचाने के लिए इरेजर, कील, सफेद तरल, व्हाइटनर आदि का उपयोग सख्त वर्जित है। ओएमआर शीट के साथ-साथ उत्तर पुस्तिकाओं को दागने, खरोंचने या किसी भी तरह से नुकसान पहुँचाने के लिए इरेजर, ब्लेड, कील या व्हाइटनर आदि का उपयोग करने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद कर दी जाएगी। नकल करने या दूसरे के स्थान पर अन्य व्यक्ति परीक्षा देता हुआ पाया जाता है तो पुलिस केस दर्ज कराया जाएगा।
हिम्मत सिंह आज अभ्यर्थियों से करेंगे संवाद
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से परीक्षार्थियों को सूचना दी है कि सोमवार की शाम पांच बजे गूगल फाॅर्म के माध्यम से सुझाव व समस्याओं पर यूट्यूब के माध्यम से संवाद करेंगे। रविवार को आयोग के अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर एक अन्य पोस्ट की है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट कहा है कि 11 जुलाई 2025 को अधिसूचना के माध्यम से 31 दिसंबर 2024 की सीईटी नीति में संशोधन के संबंध में एक भ्रम फैल रहा है। आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि 11 जुलाई 2025 की अधिसूचना केवल दोहराव से बचने के लिए जारी की गई है, क्योंकि सीईटी नीति में उल्लिखित कुछ प्रावधान पांच जून 2025 को अधिसूचित भर्ती नियमों में पहले से ही शामिल हैं और 11 जुलाई 2025 के निर्देशों के अनुसार सीईटी नीति से अतिव्यापी प्रावधानों को हटा दिया गया है।
एप की मदद से बसों की बुकिंग पर निगरानी
बसों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए एप की मदद ली जा रही है। दिव्यांग अभ्यर्थियों और अपने वाहनों से जाने वालों से विशेष आग्रह किया गया है कि वह पोर्टल पर बुकिंग को लेकर ब्योरा अवश्य दें, जिससे वास्तविक बसों से यात्रा करने वाले परीक्षार्थियों की संख्या पता चल सके। अभी तक करीब 13 लाख अभ्यर्थी प्रवेश पत्र पा चुके हैं और करीब तीन लाख अभ्यर्थी बकिंग को लेकर ब्योरा दर्ज करा चुके हैं। सीईटी के लिए पंजीकरण कराने वालों की संख्या करीब 13 लाख से अधिक थी। 26 और 27 जुलाई को चार सत्रों में परीक्षा होगी और एक सत्र में करीब 3.62 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
हजारों परीक्षार्थियों के नहीं मिले प्रवेश पत्र, आज आयोग के कार्यालय पहुंचेंगे अभ्यर्थी
पंचकूला। सीईटी-2025 26 और 27 जुलाई को है और प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों को अब तक प्रवेश पत्र जारी नहीं किया गया है। कई जिलों के परीक्षार्थी सोमवार को प्रवेशपत्र के लिए पंचकूला सेक्टर-4 के हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के कार्यालय पहुंचेंगे।
कलायत के विक्रम सिंह ने बताया कि आयोग की वेबसाइट पर एक्नॉलेजमेंट प्रमाणपत्र अपलोड होने के साथ फार्म भी जमा किया था लेकिन वेबसाइट में गड़बड़ी के चलते अब दिख नहीं रहा। उन्होंने बताया कि आयोग के अधिकारियों का कहना है कि एक्नॉलेजमेंट प्रमाणपत्र अपलोड होने पर तस्वीर और वीडियो बनती है जिसका फोटो व वीडियो नहीं बना उसका प्रवेशपत्र जारी नहीं किया जाएगा। विक्रम ने कहा कि फोटो व वीडियो न बनने में अभ्यर्थी की क्या गलती है। अगर फार्म अपलोड नहीं हुआ होता तो रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं मिलता। आयोग के टेक्निकल विंग के अधिकारियों का कहना है कि एक्नॉलेजमेंट प्रमाणपत्र अपलोड होने की तस्वीर और वीडियो का सबूत देने वाले को प्रवेशपत्र जारी किया जाएगा। संवाद