भाजपा कार्यालय में डा. मंगल सेन की 99वीं जयंती पर आयोजित किया गया कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भाजपा कार्यालय में सोमवार को डॉ. मंगल सेन की 99वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा डॉ. मंगल सेन सामाजिक परिवर्तन के वाहक थे। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया। जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी समाज के प्रति कितनी बड़ी होती है यह हमें मंगल सेन के जीवन से सीखने को मिलती है। उन्होंने कहा, डॉ. मंगल सेन का कहना था कि राजनीति का अर्थ सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज को एक दिशा देना है। डा. मंगल सेन ने अपने हर कार्य में जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का काम किया।
उन्होंने डा. मंगल सेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और देश व प्रदेश के लोगों को छठ मैया की शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम में विधायक शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा, प्रदेश सचिव राहुल राणा, धर्मबीर मिर्जापुर, ओम प्रकाश देवीनगर समेत कई लोग मौजूद रहे।