चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने ग्रुप-डी कॉमन कैडर पदों के लिए चुने गए सभी उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करने का फैसला किया है। हरियाणा मानव संसाधन विभाग ने इस आशय के आदेश जारी किए हैं। हरियाणा कर्मचारी चयन को वेरीफिकेशन का यह जिम्मा साैंपा है। यह कदम भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए उठाया गया है। इसके साथ ही भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत या मुकदमेबाजी से बचने के लिए उठाया जा रहा है।
आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों से नव चयनित ग्रुप-डी कर्मचारियों की जरूरी जानकारी तुरंत देने का अनुरोध किया है। इस संबंध में मानव संसाधन विभाग ने जारी एक पत्र में सभी विभागाध्यक्षों, मंडल आयुक्तों और उपायुक्त, पंचकूला से अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने कार्यालयों में कार्यरत ग्रुप-डी उम्मीदवारों का विवरण हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सचिव को भेजें ताकि बायोमीट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके। ब्यूरो