इंडियन ऑयल ने कहा- डीजल व पेट्रोल और रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए कई जगह से कालाबाजारी की खबरें आ रही हैं। कुछ दुकानदारों ने खाद्य पदार्थ, पेट्रोल, डीजल व दैनिक आवश्यकताओं की जमाखोरी शुरू कर दी है। कुछ जिलों में आम लोग भी पाकिस्तान के साथ युद्ध की संभावना के मद्देनजर खाद्य पदार्थ जमा कर रहे हैं। हरियाणा सरकार ने इन खबरों पर कड़ा संज्ञान लिया है।
अतिरिक्त गृह सचिव सुमिता मिश्रा ने इस संबंध में सभी उपायुक्तों को कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि वे ऐसी सूचनाओं पर सख्ती से कार्रवाई करें और लोगों को जागरूक करें। उन्हें बताएं कि घबराने की जरूरत नहीं है। प्रदेश में खाद्य पदार्थों और राशन का भरपूर स्टॉक है। कुछ जिलों में पेट्रोल पंपों पर भी लोगों की भीड़ देखी गई है। इस पर इंडियन ऑयल ने भी बयान जारी कर कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। कंपनी के सभी आउटलेट के पास पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस का स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि घबराहट में कोई खरीदारी न करें।