अमृतसर के मजीठ मंडी के व्यापारियों ने सीएम सैनी से मुलाकात कर उठाई थी मांग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से शनिवार को पंजाब के अमृतसर की मजीठ मंडी के व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ के संत कबीर कुटीर में मुलाकात की। इस दौरान कारोबारियों ने सूखे मेवे के थोक व्यापार का सोनीपत में विस्तार करने का प्रस्ताव रखा। इस पर सीएम ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए इसे स्वीकृति दे दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और निवेशकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमृतसर से आए व्यापारियों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार इज आफ डूइंग बिजनेस के सिद्धांत पर कार्य कर रही है जिससे व्यापार के लिए पारदर्शी, सरल एवं सुगम प्रक्रियाएं सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश के प्रमुख औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा है जहां निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। अमृतसर के अतिरिक्त दिल्ली के खारी बावली व भगीरथ पैलेस जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों के विस्तार को भी राई (सोनीपत) क्षेत्र में पहले ही स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इस क्षेत्र को एक बड़े वाणिज्यिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार व्यापारियों के साथ हर कदम पर खड़ी है और प्रदेश में निवेश करने वाले प्रत्येक उद्यमी को पूर्ण सहयोग एवं सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, चीफ कॉर्डिनेटर इंडस्ट्री सुनील शर्मा भी मौजूद रहे।