हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा है कि पाकिस्तान और आधा हो जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा कि पाकिस्तान के टुकड़े होने ही हैं क्योंकि पाकिस्तान आठ अक्षरों से बना जबकि हिंदुस्तान नौ अक्षरों से बना है। नौ को जितना भी गुणा करें वह नौ रहेगा, उदाहरण के तौर पर नौ दुनी 18 में यदि 1 और 8 को जोड़ लिया जाए तो वह नौ ही रहेगा। पाकिस्तान आठ अक्षरों से बना, आठ को यदि गुणा करें तो अंक घटते ही जाएंगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने तो घटना ही है। पीओके और बलूचिस्तान की जो स्थिति है वह इस ओर इशारा कर रही है कि पाकिस्तान के टुकड़े शुरू होने का काम शुरू हो चुका है।
पीएम मोदी खरगे से क्यों कुछ पूछेंगे
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान कि प्रधानमंत्री को चुनाव प्रचार से पीछे हटना चाहिए पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे पूछ कर कोई काम नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि वे तो पीटे हुए मोहरे हैं और पीटे हुए मोहरों से कभी कुछ पूछा नहीं जाता। पूछा तो सफल व्यक्तियों से जाता है और प्रधानमंत्री अपने कार्यक्रम सही बना रहे हैं और सीधा जनता तक पहुंच रहे हैं ।
केजरीवाल हर तरफ से रिजेक्ट
अरविंद केजरीवाल के भाजपा को करारा जवाब देने को लेकर दिए गए बयान पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि केजरीवाल की हिम्मत की वह दाद देते है क्योंकि पिट पिटाकर वह नीचे पड़े हुए हैं। हर तरफ से वह रिजेक्ट हुए है, दिल्ली से इन्हें निकालकर फेंक दिया गया है फिर भी यह ऐसी बातें कर रहे हैं। यदि कोई कसर रह गई है तो वह भी पूरी कर देंगे।
कांग्रेस की छाती पर सांप लोटते है जब देश मोदी की प्रशंसा करता है
मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री को आत्मप्रशंसा बंद करने की बात पर विज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और उन्हें पाकिस्तान अध्यक्ष बताते हुए कहा कि वो पाकिस्तान की प्रशंसा करवाना चाहते हैं। इसलिए जो हमारे नायक जिन्होंने चार दिनों में पाकिस्तान को धूल चटा दी। उनकी प्रशंसा करते हुए उन्हें तकलीफ हो रही है। इनकी छाती पर सांप लोटते है जब देश मोदी की प्रशंसा करता है।