चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए होने वाले पीएमटी (फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट) और पीएसटी (फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट) के लिए जल्द ही पूरा शेड्यूल जारी करेगा। आयोग ने यह भी निर्णय लिया है कि खेल कोटे के तहत होने वाली भर्ती के लिए भी पीएमटी और पीएसटी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के साथ ही होगा।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अभ्यर्थियों को यह जानकारी दी। अभ्यर्थियों से यह भी कहा है कि वह तैयारियों में जुटे रहें।
आयोग के अध्यक्ष ने यह भी बताया कि खेल कोटे के अभ्यर्थियों ने अनुरोध किया था कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती के साथ ही संबंधित श्रेणी के अभ्यर्थियों की माप-दाैड़ हो इसलिए अभ्यर्थियों की मांग को स्वीकार किया गया है।
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि जेबीटी भर्ती को लेकर पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने निर्णय दे दिया है। संबंधित केस का ऑर्डर अपलोड होने के बाद आयोग भर्ती से संबंधित आगामी प्रक्रिया पर कार्रवाई शुरू करेगा। ब्यूरो