गुरुग्राम, फरीदाबाद और करनाल में बढ़ रहे हैं केस
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को कोरोना के 17 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के मरीजों की कुल संख्या 103 पर पहुंच गई है। इनमें 63 सक्रिय मरीज हैं, जबकि 40 मरीज कोरोनामुक्त हो चुके हैं। बुधवार को 484 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई।
नए केसों में गुरुग्राम में 6, फरीदाबाद में 5, करनाल में दो, पंचकूला में दो, झज्जर में एक और रेवाड़ी में एक मरीज शामिल है। फिलहाल कोरोना से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज फिलहाल गुरुग्राम, फरीदाबाद और करनाल में आ रहे हैं। ये तीनों शहर कोरोना के हॉट-स्पॉट बनते जा रहे हैं। गुरुग्राम में 23, फरीदाबाद में 14 और करनाल में 11 सक्रिय केस हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कोरोना के टेस्ट लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। किसी भी मरीज में घबराने वाले लक्षण नहीं हैं। लोगों को सतर्कता बरतनी है। सभी मरीजों को घर में ही इलाज किया जा रहा है।