चंडीगढ़। प्रदेश के 344 कॉलेजों में नए सत्र से प्रवेश के लिए राज्य से कुल 1,22,966 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया हैं। वहीं, इन कॉलेजों में 2,25,771 सीटें उपलब्ध हैं। अब 22 जून से विद्यार्थियों के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। इस दौरान आगामी पांच दिनों तक विद्यार्थियों के पास पंजीकरण में कॉलेज, विषय संबंधित संशोधन करने का मौका होगा। उच्चतर शिक्षा विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया में किसी भी जिले से समस्या आने की शिकायत नहीं आई है।
प्रदेश में सरकारी, एडेड और निजी कॉलेजों में 19 मई से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की गई थी। यह प्रक्रिया 9 जून तक निर्धारित थी। हालांकि, बीच में सरल पोर्टल पर सर्टिफिकेट बनवाने में देरी होने के कारण उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से पंजीकरण का समय एक सप्ताह बढ़ाकर 16 जून आखिरी तिथि तय की गई थी। वहीं, 19 जून को लगने वाली पहली मेरिट लिस्ट 26 जून को आएगी।
कॉलेजों में सबसे ज्यादा आर्ट्स की 1,09,558, कॉमर्स की 46,897 और साइंस की 51,105 सीटें हैं। मैनेजमेंट कोर्स की 6,914, प्रोफेशनल कोर्स की 10,415 और व्यावसायिक पाठ्यक्रम की 882 सीटें उपलब्ध हैं।