अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करते हुए 96 स्नातकोत्तर अध्यापकों (पीजीटी) और पांच हेडमास्टरों सहित कुल 101 शिक्षकों को कार्यवाहक आधार पर प्राचार्य (स्कूल कैडर) पद पर पदोन्नत कर विद्यालय आवंटित किए हैं। सभी को हरियाणा राज्य शिक्षा स्कूल कैडर सेवा नियम, 2012 (संशोधित 2014) के तहत पे-लेवल-11 (67,700 से 1,91,000 रुपये) में पदोन्नति दी गई है। यह आदेश शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय दहिया ने जारी किए है।
चंडीगढ़ में जारी बयान में हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंधु ने कहा कि लंबे समय से इस पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों को न्याय मिला है। हसला ने सरकार से मांग की है कि भविष्य में भी प्राचार्यों के रिक्त पदों पर जल्द पदोन्नति और शिक्षकों से जुड़े अन्य लंबित सेवा मामलों का समयबद्ध समाधान किया जाए।