- सांसदों ने प्रदर्शन करते हुए पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली पर संसद में चर्चा कराने की मांग उठाई
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। संसद के मानसून सत्र के दौरान रविवार को कांग्रेस सांसदों ने शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर संसद परिसर में हाथ में तख्ती लेकर प्रदर्शन किया। हरियाणा से सांसद दीपेंद्र हुड्डा, जय प्रकाश, वरुण चौधरी और सतपाल ब्रह्मचारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाते हुए धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो के नारे लगाए।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है। देशभर में पेपर लीक के कई मामले सामने आए हैं और इस मुद्दे पर व्यापक सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ अभियान के तहत छात्रों की आवाज बुलंद करने की बात कही। सांसद जय प्रकाश ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि युवाओं की मांगों को सुनने के बजाय बल प्रयोग करना उचित नहीं है। सांसद वरुण चौधरी ने शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली पर संसद में विस्तृत चर्चा कर सुधार करने की मांग उठाई। उन्होंने समाजसेवी सोनम वांगचुक प्रकरण पर भी सवाल उठाए। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि सरकार को टकराव के बजाय छात्रों से संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए। कांग्रेस सांसदों ने मांग की कि युवाओं की शिकायतों का समाधान कर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।