समाजसेवी संजय शर्मा के नेतृत्व में गठित मिशन रामराज्य ने पूरे प्रदेश में सीसीटीवी कैमरे लगाकर अपराध मुक्त समाज का निर्माण करने का बीड़ा उठाया है।
मिशन द्वारा टोहाना के बाद अब फतेहाबाद के थाना पार्किंग में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का वीरवार को पुलिस कप्तान शिवचरण अत्री ने शुभारंभ किया। एसपी ने कहा आज का युग विज्ञान और तकनीक का है, अपराधी आधुनिक तकनीक का उपयोग कर पुलिस के लिए समस्या पैदा करते हैं। ऐसे में इस तरह के अपराधियों पर नियंत्रण पाने के लिए सीसीटीवी कैमरे पुलिस व पब्लिक की जरूरत बन गए हैं। अत्री ने जनता से अपील की कि वे संदिग्ध लोगों की सूचनाएं पुलिस को दें। पुलिस सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखेगी।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए मिशन रामराज्य के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि अकेले एक व्यक्ति के पैसे लगाने से सामाजिक काम नहीं होते, जब समाज के लोग मिलकर हाथ बढ़ाते हैं तो ऐसे मिशन कामयाब होते हैं। शर्मा ने कैमरों के प्रोजेक्ट को सफल बनाने के लिए मिशन के जिलाध्यक्ष सुभाष पपीया व राजेंद्र चौधरी काका को बधाई दी। शर्मा ने कहा कि इस समारोह में एसपी को बुलाने का मकसद यह है कि आम जनता और पुलिस के बीच दूरी कम हो सके।
समाज को बनाएंगे अपराध मुक्त
वहीं, सोनीपत में मिशन के प्रवक्ता शिव कुमार पंवार ने कहा कि रामराज्य द्वारा पूरे प्रदेश में प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। इससे अपराधियों को पकड़ने में पुलिस को मदद मिलेगी और रामराज्य का सपना साकार हो सकेगा। उन्होंने लोगों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर पंजाबी नेता चंद्रभान मुंजाल, नप उपप्रधान सुनील बंसल, सुभाष रायल, गोपाल कृष्ण, कृष्ण नैन, भूना से महावीर धारणियां, कश्मीर मेहता, जसपाल सैनी, हंसराज कंबोज, सुनील खुराणा, रामसरा से ठाकुर लादू सिंह, लख्मी राम, मेहूवाला से राम सिंह, बनमंदौरी से पवन, कुकड़ावाली से कुलदीप गुज्जर, लीलू गुज्जर, बीसला से कृष्ण विधायक, धांगड़ से सुरेंद्र भादू, बैजलपुर से बलवान, ढाका ढाणी से राजा ढाका, हिजरांवा से जग्गा बाजीगर, बसंत रूखाया, डॉ. जितेंद्र चौधरी, अनूप डच, मनोज नारंग, दिनेश चौधरी, संजय झंडई, सुरेंद्र मिढा, हंसराज, देसराज, मा. सुभाष देवेंद्र काला, देवेंद्र रूखाया और रमेश जोइया आदि मौजूद थे।