हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात सामान्य अस्पताल से कुछ दूरी पर घूम रहे एक युवक को कच्छा गिरोह का सदस्य समझकर लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में लाया गया।
लोगों ने बार-बार उसका नाम और पता जानने का प्रयास किया लेकिन जवाब न देने पर उसकी और पिटाई की गई। उक्त युवक ने अस्पताल में भी कुछ देर हंगामा किया जिससे चिकित्सक और अन्य स्टाफ परेशान रहा।
रविवार रात एक युवक ने गजराज होटल के पास लगी रेहड़ी खाने-पीनें की चीजें खाईं। रेहड़ी संचालक ने जब पैसे मांगे तो युवक ने उसपर डंडे से हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने जब उसकी हरकतें देखी तो उसे काबू कर उसकी जमकर धुनाई कर दी।
बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल ने इसकी सूचना थाना शहर पुलिस को दी। पुलिस के देर से पहुंचने के कारण भी लोग आक्रोशित रहे। लोगों का कहना था कि उक्त युवक के शरीर पर कच्छे के अलावा कुछ नहीं था।
ड्यूटी पर कार्यरत चिकित्सक ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लगी और वह सही तरह से कुछ बता भी नहीं पा रहा था। अस्पताल में उक्त युवक से जब कुछ अन्य लोगों ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका नाम अजीत है और वो दिल्ली के पटेल नगर का रहने वाला है। वहीं जांच अधिकारी का कहना है कि उक्त युवक किसी कच्छा गिरोह से संबंधित नहीं है बल्कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही।