फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: युवाओं ने सुझाए उच्च शिक्षा में सुधार के उपाय

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। विकसित हरियाणा के लक्ष्य को गति देने और उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी व विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए वैश्य महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने सुधारों से जुड़े सुझाव रखे। हरियाणा उच्चतर शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार आयोजित रिफॉर्म उत्सव के पांचवें दिन स्टूडेंट पार्लियामेंट एवं डिजिटल गवर्नेंस चैलेंज के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया, सुशासन और डिजिटल तकनीक पर विचार साझा किए।
विज्ञापन

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और सार्वजनिक सेवाओं में सुधारों के प्रति जागरूक करना तथा रचनात्मक सुझावों के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा। विद्यार्थियों ने मॉक पार्लियामेंट, प्रेजेंटेशन और नवाचारपूर्ण विचारों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को सरल, प्रभावी और पारदर्शी बनाने के सुझाव दिए। इस दौरान प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली, छात्रवृत्ति, ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल सुविधाओं और शिकायत निवारण व्यवस्था पर चर्चा हुई। महाविद्यालय प्रशासन में तकनीक के प्रभावी उपयोग और जवाबदेही बढ़ाने के उपाय भी सामने आए।
विद्यार्थियों ने डिजिटल गवर्नेंस के माध्यम से समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने और कागजी कार्यवाही कम करने पर जोर दिया। प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने कहा कि आज का दौर डिजिटल परिवर्तन और नवाचार का है। विकसित भारत एवं विकसित हरियाणा के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की रचनात्मक सोच, तकनीकी समझ और सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. प्रोमिला सुहाग ने कहा कि रिफॉर्म उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को शासन और प्रशासनिक सुधारों की प्रक्रिया से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस शिक्षा और सार्वजनिक सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने का सशक्त माध्यम है।
विज्ञापन


छात्राओं ने बताईं पढ़ाई और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं

भिवानी। शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और छात्र हितैषी बनाने के उद्देश्य से आदर्श महिला महाविद्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरियाणा उच्चतर शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार रिफॉर्म उत्सव ''युवा रिफॉर्म फॉर विकसित हरियाणा'' के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने पढ़ाई, यातायात, दाखिला प्रक्रिया और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं साझा कीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के महासचिव अशोक बुवानीवाला, कोषाध्यक्ष सुंदरलाल अग्रवाल, प्राचार्या डॉ. अलका मित्तल, नोडल अधिकारी डॉ. रिंकू अग्रवाल, संयोजिका डॉ. गायत्री बंसल, ममता चौधरी और संगीता सहित अनेक प्राध्यापक उपस्थित रहे। छात्राओं ने यातायात व्यवस्था, दाखिला प्रक्रिया, छात्रवृत्ति, ऑनलाइन पोर्टल में आने वाली दिक्कतों, अनुशासन और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं के कारण कई बार पढ़ाई और दैनिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं।
महासचिव अशोक बुवानीवाला ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याएं सुनना और उनके सुझावों को महत्व देना बेहतर शिक्षा व्यवस्था की पहली आवश्यकता है। प्राचार्या डॉ. अलका मित्तल ने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना महाविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। नोडल अधिकारी डॉ. रिंकू अग्रवाल ने बताया कि छात्राओं ने तर्कपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी और शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं छात्र हितैषी बनाने के सुझाव दिए।

छात्राओं के सुझाव उच्च शिक्षा विभाग तक पहुंचेंगे
कार्यक्रम संयोजिका डॉ. गायत्री बंसल ने कहा कि जनसंवाद का उद्देश्य छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी व्यावहारिक समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को जानना तथा उन्हें उच्च शिक्षा विभाग तक पहुंचाना है। छात्राओं की ओर से रखे गए सुझावों के आधार पर शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और छात्र हितैषी बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें